संवाददाता : विनीत सिंह
सीतापुर जिले के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के कैमहरा गांव में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों ओर से गोलीबारी और लाठी-डंडे चलने लगे। सूचना मिलते ही एएसपी दुर्गेश सिंह और सीओ नागेंद्र चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को किसी तरह नियंत्रित किया और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
गांव में तनाव का माहौल बरकरार है, जिसके चलते भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सीओ बिसवां ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है, और दोनों पक्षों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है ताकि वास्तविक दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
