प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज लोकसभा में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में भारत के सशक्त, सफल और निर्णायक ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विशेष चर्चा के दौरान संबोधित किया। सदन को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने सत्र की शुरुआत में मीडिया जगत के साथ अपनी बातचीत को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सभी माननीय सांसदों से इस सत्र को भारत की विजय का उत्सव और भारत के गौरव को श्रद्धांजलि बताते हुए अपील की थी।
प्रधानमंत्री ने सदन में भारत का दृष्टिकोण प्रस्तुत करने के लिए विजय की भावना के साथ खड़े होने की पुष्टि करते हुए कहा कि जो लोग भारत के दृष्टिकोण को समझने में विफल रहते हैं, उनके लिए वह एक आईना दिखाने आए हैं। उन्होंने कहा कि वह 140 करोड़ नागरिकों की भावनाओं के साथ अपनी आवाज़ मिलाने आए हैं। श्री मोदी ने ज़ोर देकर कहा कि इन सामूहिक भावनाओं की गूंज सदन में सुनाई दे रही है, और वह उस गूंजती भावना में अपनी आवाज़ मिलाने के लिए खड़े हुए हैं।
प्रधानमंत्री ने 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुई जघन्य घटना की निंदा की, जहाँ आतंकवादियों ने निर्दोष लोगों से उनका धर्म पूछकर उन्हें बेरहमी से गोली मार दी थी – इसे क्रूरता की पराकाष्ठा बताया। उन्होंने टिप्पणी की कि यह भारत को हिंसा की आग में झोंकने और सांप्रदायिक अशांति भड़काने का एक सुनियोजित प्रयास था। उन्होंने एकता और दृढ़ता के साथ इस षड्यंत्र को विफल करने के लिए भारत के लोगों को धन्यवाद दिया।
