ब्यूरो चीफ: चित्रांश शर्मा
शाहपुरा | गौ सेवा के प्रति जनचेतना जगाने और गौ माता को सम्मानजनक संवैधानिक दर्जा दिलाने के लिए शुरू किया गया ‘गो सम्मान अभियान’ अब जन-आंदोलन का रूप लेता जा रहा है। अभियान के तहत क्षेत्र के गांव-गांव और ढाणी-ढाणी में पोस्टर विमोचन कर इस मुहिम का शंखनाद किया गया है।
27 अप्रैल को तहसील मुख्यालयों पर प्रदर्शन
जिला गो प्रचारक रामेश्वर लाल धाकड़ ने अभियान की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए बताया कि आगामी 27 अप्रैल को देश की 5000 तहसीलों में एक साथ बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान तहसील मुख्यालयों पर महामहिम राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना पत्र (ज्ञापन) सौंपे जाएंगे।
अभियान की मुख्य मांगें:
- गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा प्रदान करना।
- गौ सेवा और संरक्षण के लिए सख्त केंद्रीय कानून बनाना।
- पूरे देश में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करना।
15 गांवों में पोस्टर विमोचन, 500 से अधिक पत्रक वितरित
तैयारियों को धार देते हुए जिला गो प्रचारक रामेश्वर लाल धाकड़, तहसील गो प्रभारी सुगन बोहरा और भगवत सिंह की टीम ने शाहपुरा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा किया। टीम ने माताजी का खेड़ा, संतोषपुरा, भीमपुरा, दोहरिया, रहड, मोतीपुरा, बालापुरा, बासेड़ा, रघुनाथपुरा, बच्छखेड़ा, टोपा सहित लगभग 15 गांवों में पोस्टर विमोचन किया।
हस्ताक्षर अभियान से जुड़ रहे ग्रामीण
पोस्टर विमोचन के साथ-साथ हस्ताक्षर अभियान को भी तेज कर दिया गया है। इस दौरान 500 से अधिक हस्ताक्षर पत्रक वितरित किए गए और ग्राम स्तर पर ‘हस्ताक्षर पत्रक प्रभारी’ नियुक्त किए गए हैं। ग्रामीणों में इस अभियान को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग पत्रकों पर हस्ताक्षर कर अपना समर्थन जता रहे हैं।
