ब्यूरो रिपोर्ट: सज्जन खान, जाफरगंज (उत्तर प्रदेश)
अमेठी। कमरौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत गढ़ा मोड़ पर रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब लखनऊ से सुल्तानपुर की ओर जा रहे बाइक सवार तीन युवक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुँचाया
हादसे की सूचना मिलते ही कमरौली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने तीनों घायलों को नजदीकी अस्पताल भिजवाया। घायलों की पहचान सूरज (पुत्र छोटेलाल) निवासी तिवारी का पुरवा, थाना जामो और विजयभान (पुत्र जयकरन) निवासी पूरे कालांदर अचलपुर, थाना जामो के रूप में हुई है। तीसरे युवक की स्थिति भी नाजुक बनी हुई है।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान विजयभान की हालत अत्यंत चिंताजनक हो गई। डॉक्टरों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसे मृत घोषित कर दिया गया। विजयभान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अन्य दो घायलों का उपचार अभी जारी है, जहाँ उनकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे के कारणों का अभी पूरी तरह पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण मोड़ पर संतुलन बिगड़ गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
