ब्यूरो रिपोर्ट: महेश कुमार
प्रतापगढ़ | आईपीएल मैचों पर अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ प्रतापगढ़ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक (SP) बी आदित्य के निर्देशन में की गई इस छापेमारी में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह के तार पंजाब, बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश तक जुड़े हुए हैं।
करोड़ों का सट्टा, हाईटेक उपकरण बरामद पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी के दौरान सट्टेबाजी में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से:
- 06 लैपटॉप
- 38 मोबाइल फोन
- 48 सिम कार्ड
- इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और अन्य उपकरण जप्त किए हैं।
जांच में सबसे चौंकाने वाला खुलासा सट्टे के हिसाब को लेकर हुआ है। आरोपियों के पास से ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी का कुल 12 करोड़ 75 लाख रुपये के लेनदेन का हिसाब मिला है।
चार राज्यों से जुड़े हैं आरोपियों के तार गिरफ्तार किए गए छह आरोपी अलग-अलग राज्यों के रहने वाले हैं, जो यह दर्शाते हैं कि यह नेटवर्क कितना विशाल था। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी आईपीएल मैचों के दौरान अलग-अलग राज्यों में सक्रिय रहकर अवैध रूप से सट्टा लगवा रहे थे और मोटा मुनाफा कमा रहे थे।
“यह कार्रवाई अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ हमारी जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है ताकि इस नेटवर्क के मुख्य सरगना और अन्य साथियों तक पहुँचा जा सके।”
— बी आदित्य, पुलिस अधीक्षक, प्रतापगढ़
