Homeप्रदेशशाहपुरा जिला बहाली आंदोलन: 16 माह बाद भी संघर्ष जारी, 'ब्लैक डे'...

शाहपुरा जिला बहाली आंदोलन: 16 माह बाद भी संघर्ष जारी, ‘ब्लैक डे’ पर सरकार को दिलाया वादा याद

ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक

शाहपुरा | शाहपुरा को पुनः जिले का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर ‘शाहपुरा-जिला बहाल करो संघर्ष समिति’ का आंदोलन एक वर्ष और चार माह बीतने के बाद भी निरंतर जारी है। आंदोलन के तहत रविवार, 28 अप्रैल को संघर्ष समिति ने ‘ब्लैक डे’ (काला दिवस) मनाया और उपखंड कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।

शांतिपूर्ण नारेबाजी और प्रदर्शन

संघर्ष समिति के महासचिव एडवोकेट कमलेश मुंडेतिया ने बताया कि रविवार प्रातः 10:15 बजे उपखंड कार्यालय के बाहर समिति के सदस्यों, अधिवक्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने एकत्र होकर “शाहपुरा जिला बहाल करो” के नारे लगाए। इस दौरान समिति के अध्यक्ष दुर्गा लाल राजोरा और संयोजक रामप्रसाद जाट के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम 11वां स्मरण पत्र उपखंड अधिकारी को सौंपा गया।

क्यों मनाया जाता है ‘ब्लैक डे’?

उल्लेखनीय है कि 28 दिसंबर 2024 को शाहपुरा का जिले का दर्जा समाप्त होने के बाद से ही यहाँ की जनता में गहरा रोष है। इसी के विरोध में शाहपुरा की जनता प्रत्येक माह की 28 तारीख को ‘ब्लैक डे’ के रूप में मनाती है। इसी क्रम में अभिभाषक संस्था शाहपुरा ने भी अपनी एकजुटता दिखाते हुए 28 अप्रैल को विभिन्न न्यायालयों में कार्य स्थगन रखा और न्यायिक कार्यों का पूर्ण बहिष्कार किया।

सरकार के आश्वासन पर सवाल

समिति अध्यक्ष दुर्गा लाल राजोरा ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि:

“ग्यारह माह पूर्व जयपुर में मुख्यमंत्री और शाहपुरा विधायक की मौजूदगी में हुई वार्ता में सकारात्मक आश्वासन मिला था। लेकिन ग्यारह महीने बीत जाने के बाद भी सरकार ने अपना वादा पूरा नहीं किया है। जब तक शाहपुरा को वापस जिला घोषित नहीं किया जाता, हमारा आंदोलन थमेगा नहीं।”

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

संयोजक रामप्रसाद जाट ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया, तो आने वाले समय में आंदोलन को और अधिक उग्र व मजबूत किया जाएगा। महासचिव मुंडेतिया ने दोहराया कि समिति जनता की भावनाओं और हक की लड़ाई के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है।

ये रहे मौजूद: इस अवसर पर सह-संयोजक सूर्यप्रकाश ओझा, संरक्षक सत्यनारायण पाठक, हाजी उस्मान मोहम्मद छिपा, प्रॉपर्टी एसोसिएशन के राजेंद्र पांडे, अध्यक्ष अजय मेहता, उपाध्यक्ष रामेश्वर लाल सोलंकी, कोषाध्यक्ष उदय लाल बेरवा, सह-सचिव नूर मोहम्मद रंगरेज सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular