Homeप्रदेशहिंदी पत्रकारिता के महानायक राजेंद्र माथुर को बदनावर में दी गई भावभीनी...

हिंदी पत्रकारिता के महानायक राजेंद्र माथुर को बदनावर में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

ब्यूरो रिपोर्ट: विजय द्विवेदी, धार (मध्य प्रदेश)

बदनावर (धार)। हिंदी पत्रकारिता के शिखर पुरुष और प्रखर संपादक स्वर्गीय राजेंद्र माथुर की 35वीं पुण्यतिथि के अवसर पर तहसील पत्रकार संघ बदनावर द्वारा एक गरिमामय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, वरिष्ठ पत्रकारों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने माथुर जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें पत्रकारिता का ‘महानायक’ बताया।

लेखनी से दिलाई बदनावर को वैश्विक पहचान: एसडीएम

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बदनावर एसडीएम प्रियंका मीमरोट ने कहा कि माथुर जी ने अपनी मेहनत, साहस और निष्पक्ष लेखनी से बदनावर जैसे छोटे शहर को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई। उन्होंने कहा, “एक छोटे से शहर से दिल्ली तक का सफर तय करना और पत्रकारिता के उच्चतम मापदंड स्थापित करना हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। उनके पदचिन्हों पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”

पत्रकारिता के अमिताभ बच्चन थे माथुर जी: छोटू शास्त्री

धार जिला पत्रकार संघ के अध्यक्ष पंडित छोटू शास्त्री ने माथुर जी की तुलना सिनेमा के दिग्गज अमिताभ बच्चन से करते हुए कहा कि जिस तरह फिल्मों में बच्चन का कद है, वही स्थान पत्रकारिता में राजेंद्र माथुर का है। वे केवल पत्रकार नहीं, बल्कि एक समाज सुधारक भी थे। उनकी पत्रकारिता राग-द्वेष से परे जनहित को समर्पित थी।

विचारों का संगम: दिग्गजों ने दीं भावांजलियाँ

श्रद्धांजलि सभा में क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेताओं और पत्रकारों ने अपने विचार साझा किए:

  • मनोज सोमानी (पूर्व जिला अध्यक्ष, भाजपा): माथुर जी की प्रतिमा और उनके विचार युवा पीढ़ी को निष्पक्ष लेखनी की प्रेरणा देते रहेंगे।
  • चंद्रभान सिंह सोलंकी (वरिष्ट पत्रकार): माथुर साहब की कलम की धार तलवार से भी तेज थी, जिसमें व्यवस्था को बदलने की शक्ति थी।
  • मोहन सिंह चौहान (वरिष्ठ नेता): उनकी लेखनी इतनी प्रभावशाली थी कि समाचार प्रकाशित होते ही जन-समस्याओं का समाधान हो जाता था।

गरिमामय उपस्थिति

कार्यक्रम में नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष अभिषेक टल्ला मोदी, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष गुर्जर, कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश होती, और विधायक प्रतिनिधि कैलाश गुप्ता सहित कई गणमान्य नागरिकों ने भी माथुर जी को नमन किया।

इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री राजेश अग्रवाल, आर्यव्रत पत्रकार संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र अग्निहोत्री, स्वतंत्र प्रेस क्लब अध्यक्ष मनीष शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन तहसील पत्रकार संघ के महासचिव अनवर मंसूरी ने किया एवं आभार प्रदर्शन अध्यक्ष गोवर्धन सिंह डोडिया द्वारा किया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular