सावन माह के तीसरे सोमवार को गोविंदेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण से भव्य कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा के पीछे स्थित महादेव मंदिर तक पहुंची। इस अवसर पर क्षेत्रभर से हजारों शिवभक्तों ने भाग लिया और “हर हर महादेव” के गगनभेदी नारों के साथ नगर भ्रमण किया। पूरा वातावरण शिवमय और भक्तिमय नजर आया।
कांवड़ यात्रा की शुरुआत विधिवत पूजन और अभिषेक के साथ की गई। कांवड़िए भगवा परिधानों में सज्जित होकर, हाथों में त्रिशूल, डमरू व झंडे लिए, बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा गोविंदेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर पर समाप्त हुई, जहां भक्तों ने जलाभिषेक किया।
श्रद्धालुओं ने कहा – यह यात्रा बनी शिवभक्ति का अनुपम उदाहरण
इस कांवड़ यात्रा में कई ऐसे शिवभक्त भी शामिल हुए जो वर्षों से लगातार इस आयोजन में भाग ले रहे हैं। स्थानीय निवासी नरेश पंड्या ने बताया कि यह यात्रा शिवभक्ति, सामाजिक समरसता और उत्साह का प्रतीक बन चुकी है। वहीं महिला श्रद्धालु मीनाक्षी शर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा जीवन को ऊर्जा और सकारात्मकता से भर देती है।
