Homeक्राइमपत्रकार अमरदीप सोलंकी पर जानलेवा हमला: आर्यावर्त पत्रकार संघ ने घेरा पुलिस...

पत्रकार अमरदीप सोलंकी पर जानलेवा हमला: आर्यावर्त पत्रकार संघ ने घेरा पुलिस प्रशासन, सख्त कार्रवाई की मांग

ब्यूरो रिपोर्ट: विजय द्विवेदी, धार (मध्य प्रदेश)

बदनावर। शहर के व्यस्त पाटीदार चौराहे पर ‘दैनिक दोपहर’ के पत्रकार अमरदीप सोलंकी पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में पत्रकारों का आक्रोश फूट पड़ा है। आर्यावर्त पत्रकार संघ ने इस घटना को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा प्रहार बताते हुए सोमवार को एसडीओपी अरविंद सिंह तोमर को एसपी मयंक अवस्थी के नाम ज्ञापन सौंपा। पत्रकारों ने दो-टूक शब्दों में कहा कि यदि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

बीच चौराहे पर बेसबॉल के डंडों से हमला

ज्ञापन में बताया गया कि घटना 25 अप्रैल की शाम करीब 5:30 बजे की है। पत्रकार अमरदीप सोलंकी जब पाटीदार चौराहे से गुजर रहे थे, तभी लोकेश वाघेला उर्फ दबंग, विजय वर्मा और उनके साथियों ने सुनियोजित तरीके से उनका रास्ता रोका। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर बेसबॉल के डंडों व लात-घूंसों से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में सोलंकी के घुटने और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

पत्रकार संघ ने पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर पर असंतोष जताया है। संघ का आरोप है कि पुलिस ने इतने गंभीर मामले में केवल सामान्य धाराएं लगाई हैं, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। ज्ञापन में मांग की गई है कि:

  • प्रकरण में जानलेवा हमला (धारा 307) और अपराधिक षड्यंत्र जैसी गंभीर धाराएं जोड़ी जाएं।
  • हमले के पीछे सक्रिय संभावित भू-माफिया व अपराधिक गठजोड़ की बारीकी से जांच हो।
  • सभी फरार आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके पुराने अपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जाएं।

पत्रकारिता जगत में रोष, एकजुट हुए संगठन

आर्यावर्त पत्रकार संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकारों की आवाज दबाने के लिए इस तरह के कायराना हमले किए जा रहे हैं। ज्ञापन सौंपते समय वरिष्ठ पत्रकार दिलीप सिंह चौहान, राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र अग्निहोत्री, राष्ट्रीय महासचिव राकेश सिंह चौहान, प्रेस क्लब अध्यक्ष मनीष शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी मौजूद रहे।

ये रहे उपस्थित: इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष विनय पाटीदार, पोप सिंह राठौर, प्रवीण चावला, डॉ. गोपाल सिंह ठाकुर, विक्की राजपुरोहित, मोहित राठौड़, निलेश शर्मा, मोहित पांचाल, अनिल राठौड़ सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य पत्रकार उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular