Homeक्राइमखूनी संघर्ष: फूलिया कलां के कनेछन कला गांव में बच्चों के विवाद...

खूनी संघर्ष: फूलिया कलां के कनेछन कला गांव में बच्चों के विवाद में एक की हत्या

ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक

फूलिया कलां (शाहपुरा)। क्षेत्र के कनेछन कला गांव में शनिवार को बच्चों के मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की जान चली गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

बच्चों की लड़ाई में कूदे बड़े, फिर हुआ हमला

मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत दोनों परिवारों के बच्चों के बीच हुई कहासुनी से हुई थी। देखते ही देखते बड़े भी इस विवाद में कूद पड़े और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। झगड़े के दौरान लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। इस हमले में प्रेम चंद (पुत्र रामलाल तेली) के सिर पर गंभीर चोट लग गई, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

दूसरे पक्ष के लोग भी घायल, पुलिस बल तैनात

संघर्ष में दूसरे पक्ष के भी कुछ लोगों के घायल होने की खबर है। वारदात के तुरंत बाद आरोपी पक्ष मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची फूलिया कलां थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

थाना पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है। पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular