ब्यूरो चीफ: बृजेश त्रिवेदी
मलारना डूंगर (सवाई माधोपुर)। बनास नदी के गहरे पानी में समाए मध्य प्रदेश के युवक का शव शनिवार सुबह सिविल डिफेंस की टीम ने बरामद कर लिया है। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे शुरू हुआ यह सर्च ऑपरेशन लगभग 28 घंटे बाद सफलता के साथ समाप्त हुआ। मृतक की पहचान श्योपुर जिले के कराहल निवासी रामदयाल आदिवासी के रूप में हुई है।
दूसरे दिन सुबह फिर शुरू हुई तलाश
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को दिनभर चले सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया था। शाम को अंधेरा होने के कारण अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा था। शनिवार सुबह सूरज की पहली किरण के साथ ही सिविल डिफेंस की टीम ने दुगनी ऊर्जा के साथ दोबारा नदी में गोताखोरी शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने शव को ढूंढ निकाला और उसे पानी से बाहर लाया गया।
नहाते समय हुआ था हादसा
हादसा शुक्रवार सुबह उस समय हुआ था जब रामदयाल मलारना डूंगर स्टेशन के पास रेलवे पुल के नीचे बनास नदी में नहाने गया था। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण वह गहरे गड्ढे में चला गया और डूब गया।
परिजनों में मचा कोहराम
शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया है, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। सिविल डिफेंस की टीम और स्थानीय प्रशासन की मुस्तैदी की ग्रामीणों ने सराहना की है, जिन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में शव को तलाश लिया।
