Homeधर्मनव नियुक्त एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ पहुंचे पावापुरी तीर्थ, जीवदया और सेवा...

नव नियुक्त एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ पहुंचे पावापुरी तीर्थ, जीवदया और सेवा कार्यों की सराहना की

ब्यूरो चीफ: इमरान खान, आबू रोड

सिरोही | जिले के नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक (IPS) श्री पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने अपनी पहली यात्रा के दौरान श्री पावापुरी तीर्थ-जीव मैत्री धाम पहुंचकर दर्शन व वंदन किए। इस दौरान उन्होंने तीर्थ परिसर में संचालित जीवदया के प्रकल्पों का बारीकी से अवलोकन किया।

गौमाता का पूजन और चिकित्सा व्यवस्था का जायजा

एसपी राठौड़ ने श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ भगवान के दर्शन के बाद गौशाला का भ्रमण किया। उन्होंने वहां कामधेनु गौमाता की पूजा-अर्चना की और पशु चिकित्सालय में भर्ती बीमार गोवंश के उपचार की व्यवस्था देखी। उन्होंने गौशाला में पशुओं के लालन-पालन और खान-पान को लेकर वहां कार्यरत ग्वालों से सीधा संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “अबोले पशुओं की सेवा का जो अद्भुत कार्य पावापुरी ट्रस्ट पिछले 26 वर्षों से कर रहा है, वह वास्तव में सराहनीय है।”

आर्ट गैलरी और डॉक्यूमेंट्री का अवलोकन

पुलिस अधीक्षक ने के.पी. संघवी आर्ट गैलरी में प्रदर्शित 111 हस्त पेंटिंग्स को देखा और पावापुरी तीर्थ पर आधारित नई डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘2026’ का अवलोकन किया। मैनेजिंग ट्रस्टी महावीर जैन ने उनका स्वागत करते हुए बताया कि पिछले 25 वर्षों में इस पावन धाम में लगभग 90 लाख श्रद्धालु और पर्यटक आ चुके हैं।

विजिट बुक में दर्ज किए अनुभव

एसपी राठौड़ ने विजिट बुक में अपने अनुभव साझा करते हुए लिखा कि— “तीर्थ में आने पर बड़ा सुकून मिला। इसके संस्थापक के.पी. संघवी परिवार बधाई के पात्र हैं, जिन्होंने अपनी मातृभूमि में धर्म और जीवदया का ऐसा धाम बनाकर राजस्थान को बड़ी सौगात दी है। यहाँ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और व्यापार के अवसर उपलब्ध कराना प्रेरणादायी है।”

ट्रस्ट ने किया बहुमान

कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट की ओर से एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ का साफा पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत व बहुमान किया गया। इस दौरान ट्रस्ट के प्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य जन उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular