Homeप्रदेशबदनावर के तिलगारा को मिली बड़ी सौगात: 15 करोड़ की लागत से...

बदनावर के तिलगारा को मिली बड़ी सौगात: 15 करोड़ की लागत से बनेगा सर्वसुविधायुक्त आईटीआई भवन और छात्रावास

ब्यूरो रिपोर्ट: विजय द्विवेदी, धार (मध्य प्रदेश)

बदनावर | क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने और कौशल विकास के अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी सफलता मिली है। ग्राम तिलगारा में आईटीआई (ITI) के भव्य भवन निर्माण और छात्रावास के लिए प्रदेश सरकार ने 1501 लाख (15.01 करोड़) रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी है। पूर्व कैबिनेट मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव के प्रयासों से स्वीकृत इस परियोजना का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।

सुविधाओं से लैस होगा नया परिसर

वर्तमान में तिलगारा आईटीआई का संचालन गांव के पुराने स्कूल भवन में सीमित संसाधनों के साथ किया जा रहा है। नए स्वीकृत बजट से यहाँ एक आधुनिक परिसर तैयार होगा, जिसमें मुख्य आकर्षण निम्नलिखित होंगे:

  • 6 ट्रेड वर्कशॉप: विभिन्न ट्रेडों के प्रशिक्षण के लिए आधुनिक मशीनों और उपकरणों से सुसज्जित 6 वर्कशॉप बनाई जाएंगी।
  • प्रमुख ट्रेड: युवाओं को इलेक्ट्रिशियन, फैशन डिजाइनिंग, मशीनरी और अन्य तकनीकी ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
  • छात्रावास की सुविधा: बाहर से आने वाले विद्यार्थियों के लिए 30 सीटर बालक एवं 30 सीटर बालिका छात्रावास का निर्माण होगा।
  • आवासीय क्वार्टर: स्टाफ के लिए 1 नग एफ-टाईप, 2 नग एच-टाईप और 4 नग आई-टाईप क्वार्टर भी बनाए जाएंगे।

दत्तीगांव के प्रयासों से साकार हुआ सपना

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में तत्कालीन उद्योग मंत्री राजवर्धनसिंह दत्तीगांव की मांग पर तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने तिलगारा में आईटीआई कॉलेज की घोषणा की थी। तभी से यहाँ अस्थाई रूप से कक्षाएं शुरू हो गई थीं, लेकिन स्वयं के भवन और छात्रावास की कमी महसूस की जा रही थी।

क्षेत्र में हर्ष की लहर

राशि स्वीकृत होने और जल्द निर्माण शुरू होने की खबर से क्षेत्र के युवाओं में उत्साह है। इस बड़ी सौगात के लिए पूर्व मंत्री दत्तीगांव ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, तकनीकी शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गौतम टेटवाल का आभार व्यक्त किया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular