ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक
शाहपुरा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार “संगठन बढ़ाओ – लोकतंत्र बचाओ” अभियान के अंतर्गत रविवार को शाहपुरा में एक विशाल एवं प्रभावी जन-जागरण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में शाहपुरा-बनेड़ा क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भारी संख्या में भाग लेकर अपनी एकजुटता का परिचय दिया।
जनता के बीच जाने का आह्वान कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं विधानसभा प्रत्याशी नरेन्द्र कुमार रेगर ने केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों पर प्रहार करते हुए कहा कि नगर निकाय चुनावों को टालना लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों के साथ सीधा अन्याय है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “हमें इस मुद्दे को जन-जन तक ले जाना होगा। संगठन को जमीनी स्तर पर इतना मजबूत करें कि जनविरोधी ताकतों को करारा जवाब मिल सके।”
संगठन की शक्ति एकजुटता में ब्लॉक अध्यक्ष महावीर कुमावत ने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही पार्टी की असली ताकत है, जबकि नगर अध्यक्ष रमेश सेन ने प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय होकर जनता के बीच उपस्थिति दर्ज कराने पर जोर दिया।
35 वार्ड अध्यक्षों का हुआ अभिनंदन इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी रासा सिंह रावत के सानिध्य में शाहपुरा नगर के नव-नियुक्त 35 वार्ड अध्यक्षों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सभी नवनियुक्त अध्यक्षों को संगठन विस्तार और घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों का प्रचार करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में ये रहे उपस्थित बैठक में मुख्य रूप से फुलिया मण्डल अध्यक्ष प्रधान चाड़ा, बच्छखेड़ा मण्डल अध्यक्ष शंकर रैगर, बिलिया मण्डल अध्यक्ष भंवर गुर्जर, देवरिया मण्डल अध्यक्ष सावर कुमावत, ढिकोला मण्डल अध्यक्ष प्रभु गुर्जर, बनेड़ा नगर अध्यक्ष भंवर रैगर एवं अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष इकबाल शाह मौजूद रहे। इनके साथ ही वरिष्ठ कांग्रेसजन, पूर्व विधायक, पूर्व पार्षद और अग्रिम संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
लिया गया संघर्ष का संकल्प बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने और आगामी दिनों में गांव-गांव, वार्ड-वार्ड तक पहुंचकर कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने का सामूहिक संकल्प लिया।
