ब्यूरो चीफ: बृजेश त्रिवेदी
सवाई माधोपुर। मुख्य सचिव के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के द्वितीय गुरुवार को आयोजित होने वाले उपखण्ड स्तरीय ‘अटल जनसेवा शिविर’ के तहत आज खंडार पंचायत समिति में जिला कलेक्टर कानाराम की अध्यक्षता में जनसुनवाई संपन्न हुई। प्रातः 10 बजे शुरू हुए इस शिविर में कलेक्टर ने आमजन से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिला कलेक्टर ने ग्रामीणों की बिजली, पानी, राजस्व और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर गंभीरता दिखाई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता बरतें और यह सुनिश्चित करें कि परिवादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। कलेक्टर ने कहा कि जनसुनवाई का मूल उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच की दूरी को कम करना है।
इस दौरान खंडार उपखंड अधिकारी (SDM) वर्षी मीणा सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर में प्राप्त आवेदनों को ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर उनके समयबद्ध निस्तारण की रूपरेखा तैयार की गई।
जनसुनवाई कार्यक्रम के समापन के पश्चात जिला कलेक्टर कानाराम सीधे उप जिला चिकित्सालय खंडार पहुंचे। वहाँ उन्होंने चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता और साफ-सफाई का जायजा लिया। कलेक्टर ने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
