Homeप्रदेशपुष्कर घाटी में भीषण हादसा: 150 फीट गहरी खाई में गिरी यात्रियों...

पुष्कर घाटी में भीषण हादसा: 150 फीट गहरी खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस, मासूम की मौत

ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक

अजमेर/शाहपुरा | तीर्थराज पुष्कर के समीप रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहाँ यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुष्कर घाटी में करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मायरा भरने जा रहा था गुर्जर समाज

जानकारी के अनुसार, बस में सवार गुर्जर समाज के करीब 31 लोग पीसांगन में मायरा (भात) भरने जा रहे थे। जब बस पुष्कर से करीब 3 किलोमीटर पहले सांझीसर के पास पहुँची, तो अचानक ढलान और मोड़ पर चालक बस से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते बस सड़क से नीचे उतरी और 150 फीट गहरी खाई में लुढ़क गई।

मदद के लिए दौड़े ग्रामीण और राहगीर

हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण और वहां से गुजर रहे लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुँची। ग्रामीण सीओ रामचंद्र चौधरी ने बताया कि हादसा बेहद गंभीर था। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बस से निकालकर एंबुलेंस के जरिए अजमेर के जेएलएन (JLN) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घाटी में लगा लंबा जाम

हादसे की खबर फैलते ही घाटी मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को निकालने की कवायद शुरू की और यातायात सुचारू करने के प्रयास किए।

“अचानक बस ड्राइवर के नियंत्रण से बाहर हो गई और सीधे खाई में जा गिरी। हमें संभलने तक का मौका नहीं मिला।” > — हादसे में घायल एक यात्री

पुलिस के अनुसार, प्राथमिक तौर पर हादसे का कारण बस का अनियंत्रित होना माना जा रहा है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है, जिनका उपचार जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular