Homeप्रदेशबनास नदी में नहाते समय गहरे पानी में बहा युवक, दूसरे दिन...

बनास नदी में नहाते समय गहरे पानी में बहा युवक, दूसरे दिन भी रेस्क्यू जारी

ब्यूरो चीफ: बृजेश त्रिवेदी, सवाई माधोपुर

मलारना डूंगर। मलारना डूंगर स्टेशन के पास बनास नदी में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ रेलवे पुल के पास नहाने गया एक 45 वर्षीय व्यक्ति गहरे पानी की चपेट में आने से बह गया। सूचना मिलते ही प्रशासन ने सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, जो शनिवार सुबह भी जारी रहा।

नहाते समय हुआ हादसा

मलारना स्टेशन चौकी प्रभारी रामवीर ने बताया कि डूबा व्यक्ति रामदयाल आदिवासी (45), निवासी बर्गमा (तहसील कराहल, जिला श्योपुर, म.प्र.) के रूप में पहचाना गया है। प्राथमिक जांच के अनुसार, रामदयाल शुक्रवार सुबह नदी में नहाने के लिए उतरा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और तेज बहाव में बह गया। किनारे पर मौजूद लोगों ने जब उसे डूबते देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।

दिन भर चला सर्च ऑपरेशन

घटना की जानकारी मिलते ही सुबह करीब 8 बजे सिविल डिफेंस की टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से मोटर बोट और गोताखोरों की मदद से नदी के बड़े हिस्से में तलाश की गई। लेकिन पानी गहरा होने और बहाव के कारण शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका।

अंधेरे के कारण रोका गया अभियान

शुक्रवार शाम को अंधेरा होने और विजिबिलिटी कम होने के कारण बचाव कार्य को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। शनिवार सुबह सूरज की पहली किरण के साथ ही सिविल डिफेंस की टीम को पुनः मौके पर रवाना किया गया है।

प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर मौजूद हैं। रामदयाल के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

RELATED ARTICLES

Most Popular